बड़ी खबर : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए BJP की दूसरी लिस्ट जारी, मैथिली ठाकुर को मिला टिकट
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है. पार्टी ने इस सूची में 12 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है. इस सूची में सबसे प्रमुख नाम प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर और आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा का है. बीजेपी ने युवा और चर्चित चेहरों पर दांव खेलते हुए मैथिली ठाकुर को अलीनगर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले आनंद मिश्रा को बक्सर से टिकट दिया गया है. इस सूची में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों को भी मौका देकर पार्टी ने एक संतुलित रणनीति का संकेत दिया है
भाजपा ने छपरा से छोटी कुमारी को टिकट दिया है. इसके अलावा, आरक्षित सीटों पर भी उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है, जिसमें रोसड़ा (SC) से बीरेंद्र कुमार और अगिआंव (SC) से श्री महेश पासवान को मैदान में उतारा गया है.

इससे पहले भाजपा ने एक और सूची जारी की थी. जिसमें 71 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था. गौरतलब है कि भाजपा इस चुनाव में 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. NDA गठबंधन में भाजपा के खाते में 101 सीटें आई हैं. तो JDU भी 101 सीटों पर लड़ रही है. इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी को 29 सीटें मिली हैं. इसके अलावा 6-6 सीटें उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी की पार्टी को दी गई हैं.
