पाकिस्तानी हमले में तुर्की के हथियार इस्तेमाल’, प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलीं कर्नल सोफिया कुरैशी

विदेश मंत्रालय की ओर से शाम साढ़े 5 बजे प्रेस ब्रीफिंग की गई. इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिसरी, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर नई जानकारी दी. कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने एलओसी पर भारी गोलीबारी की. घुसपैठ की कोशिश की गई. तंगधार, उरी और उधरपुर में भारी गोलीबारी हुई. पाकिस्तान की गोलीबारी से नुकसान हुआ है. उन्होंन तस्वीर दिखाते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना ने भारी संयम दिखाया है

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं जिससे लोगों में ईंधन की कमी को लेकर चिंता बढ़ गई है. इस स्थिति पर नियंत्रण के लिए सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और पैनिक बाइंग (घबराकर खरीदारी) की कोई आवश्यकता नहीं है. इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अलग-अलग बयान जारी कर कहा कि पूरे देश में आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और ईंधन भंडार पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं.

IOC ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा कि इंडियन ऑयल के पास देशभर में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और हमारी सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है. BPCL और HPCL ने भी सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें. सभी आउटलेट्स पर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सामान्य रूप से उपलब्ध हैं. तेल कंपनियों ने कहा कि अफवाहों के आधार पर अनावश्यक भीड़ बढ़ने से वास्तविक उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है, इसलिए सभी नागरिक शांति बनाए रखें और सिर्फ आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें.