धर्मेंद्र की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराए गए भर्ती, सांस लेने में हुई थी परेशानी

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत शुक्रवार को खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार देर रात पत्रकार विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया पर बताया कि धर्मेंद्र को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया। अस्पताल के एक कर्मचारी ने उन्हें बताया, “धर्मेंद्र को सांस लेने में परेशानी थी। फिलहाल वे आईसीयू में हैं और आराम कर रहे हैं।”

आगे कहा, “चिंता की कोई बात नहीं है। उनकी हालत स्थिर है। उनके सारे शरीर के पैरामीटर ठीक हैं। उनका हार्ट रेट 70, ब्लड प्रेशर 140/80 और यूरीन आउटपुट भी सामान्य है।” शुक्रवार शाम धर्मेंद्र के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थी। उस समय इंडिया टूडे की रिपोर्ट में सामने आया था धर्मेंद्र को रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल जाना था, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। धर्मेंद्र 8 दिसंबर को 90 साल के हो जाएंगे और छह दशकों से अधिक समय से उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। उम्र के कारण उनकी कमजोरी और हल्की बुखार की शिकायत सामने आई है, लेकिन उनके परिवार के करीबी सूत्रों ने कहा है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और घबराने वाली कोई बात नहीं है। उन्होंने फैंस से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।