नशे में स्कूल पहुंचा हेडमास्टर, फर्श पर सोया…ग्रामीण पहुंचे तो नशे की हालत में लड़खड़ाता मिला

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक हेडमास्टर सोमवार को नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा। जिसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण स्कूल पहुंचे। इस दौरान वह फर्श पर सोता हुआ नजर आया। वहीं, ग्रामीणों को देखकर वह बच्चों को पढ़ाने की कोशिश करने लगा। नशे की हालत इतनी गंभीर थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। घटना की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई। इसके बाद रामानुजनगर बीईओ डीएस. लकड़ा के नेतृत्व में एक जांच टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान हेडमास्टर ने स्वीकार किया कि वे कभी-कभी शराब का सेवन करते हैं। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल के अन्य शिक्षकों के बयान दर्ज किए।

सभी ने बताया कि हेडमास्टर अक्सर नशे की हालत में विद्यालय आते रहे हैं। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले के अन्य हिस्सों में शिक्षकों की लापरवाही और अनुशासनहीनता के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे शिक्षा विभाग की लगातार किरकिरी हो रही है।

इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से ऐसे मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। फिलहाल जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में क्या सख्त कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *