धमतरी में शराब के नशे में स्कूल पहुंचा हेडमास्टर.. जमीन पर लेटकर बड़बड़ाते रहा, बोला-कल मस्त स्कूल खुलेगा

छत्तीसगढ़ : धमतरी जिले में प्रभारी हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गया। नशे की हालत में स्कूल पहुंचे शिक्षक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षक स्कूल परिसर में सोते और बड़बड़ाते हुए नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक घटना स्कूल सत्र शुरू होने से एक दिन पहले की है। टीचर 16 जून की जगह 15 जून को ही स्कूल पहुंच गया था। वीडियो में शिक्षक कह रहा है कि ‘कल मस्त स्कूल खुलेगा, स्कूल में पूरा देवता है। खा-पीकर नहीं आना है।’ मामला जब बीईओ के पास पहुंचा तो उन्होंने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह घटना मगरलोड ब्लॉक के सोनपरी नवीन प्राथमिक शाला की है।

सोनपरी गांव के नवीन प्राथमिक शाला में शिक्षक के पद पर पोस्टेड राजेंद्र मुंडा का यह वीडियो है। जिसमें वो नशे की हालत नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल शुरू होने की तारीख को लेकर भ्रम में रहते हुए, 16 जून की जगह वो 15 जून को ही स्कूल पहुंच गया, जबकि नया सत्र 16 जून से शुरू होना था। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिक्षक स्कूल में शराब के नशे में ही आ पहुंचे और स्कूल के बाहर लेट गए। जब गांव वालों ने उन्हें टोका और स्कूल से जाने को कहा तो उन्होंने बहस शुरू कर दी। वायरल वीडियो में वह कह रहे हैं कि वह पहली बार प्रधान पाठक बने हैं और लोगों को उल्टा जवाब दे रहे हैं। शिक्षक ने यह भी कहा कि “कल मस्त स्कूल खुलेगा, स्कूल में पूरा देवता है।” गांव के कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में लोग शिक्षक से पूछते नजर आ रहे हैं कि अगर ऐसे शिक्षक रहेंगे तो बच्चों को क्या सिखाएंगे। शिक्षक ने जवाब में कहा कि उन्हें कोई तकलीफ नहीं है और वह स्कूल में आने का हक रखते हैं। बता दें कि राजेंद्र मुंडा इसी साल प्रभारी प्रधान पाठक बने हैं।

इस मामले में मगरलोड के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना 15 जून की है, जब स्कूल आधिकारिक रूप से शुरू नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रधान पाठक के प्रभार में हैं और कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed