दोनों तरफ 600 मीटर गहरी खाई, बीच में पतली सड़क
इंजीनियरिंग की दुनिया में चीन अक्सर ऐसे कारनामे करता रहता है, जिन्हें देखकर पूरी दुनिया दांतों तले उंगलियां दबा लेती है. चाहे वो रातों-रात हॉस्पिटल की बिल्डिंग खड़ी करने की बात हो या फिर खतरनाक पहाड़ी पर चाकू की धार जैसी सड़क बनाने की. कई बार ऐसे हैरतअंगेज चीजों को देखकर लगता है कि यह सिर्फ चीन ही कर सकता है. आज हम आपको चीनी इंजीनियर्स की एक ऐसी ही मिसाल के बारे में बताने जा रहे हैं, जो चोंगकिंग प्रांत के शिज़ु (Shizhu, Chongqing) में स्थित है. यहां का ‘दाओबेइलियांग (Daobeiliang)’ स्काई रोड चीनी इंजीनियरों के कारनामों का जीता-जागता उदाहरण है. ‘दाओबेइलियांग’ का हिंदी में मतलब होता है ‘चाकू की धार’.
यह नाम इस सड़क के लिए बिल्कुल सटीक है, क्योंकि यह एक बेहद संकीर्ण पहाड़ की चोटी पर बनी है, जिसके दोनों तरफ लगभग 600 मीटर की सीधी और गहरी खाई है. यहां एक छोटी सी चूक का मतलब है सीधे मौत के मुंह में समा जाना. बता दें कि पहाड़ी रास्ते वैसे भी अपनी घुमावदार मोड़ों और कम दृश्यता के कारण ड्राइवरों के लिए चुनौतीपूर्ण होते हैं, लेकिन ‘दाओबेइलियांग’ स्काई रोड इन सबमें सबसे खतरनाक मानी जाती है. इस सड़क की कुल लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है. इसकी औसत चौड़ाई मात्र 5.5 मीटर है, लेकिन कुछ हिस्से तो इतने संकरे हैं कि उनकी चौड़ाई 3 मीटर से भी कम रह जाती है. ऐसे हिस्सों में एक समय में केवल एक ही गाड़ी गुजर सकती है.
सड़क के दोनों ओर कोई सुरक्षा घेरा या दीवार नहीं है, जिससे यहां गाड़ी चलाना किसी विशाल चाकू की धार पर चलने जैसा होता है. दिलचस्प बात यह है कि इस सड़क का निर्माण मूल रूप से पर्यटकों के लिए नहीं, बल्कि एक पवन ऊर्जा कंपनी (द्वारा किया गया था. कंपनी को कियाओ पर्वत के टॉप पर टरबाइन स्थापित करने और उनकी देखभाल करने के लिए एक रास्ते की जरूरत थी. लेकिन अपनी अनोखी बनावट और रोमांच के कारण यह ‘स्काई रोड’ अब दुनिया भर के एडवेंचर प्रेमियों और ड्राइवरों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन गई है.
