ट्रैफिक जाम के कारण छूटा मैट्रिक एग्जाम, बिहार में छात्रा ने की खुदकुशी

बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी में मंगलवार को मैट्रिक एग्जाम छूटने के तनाव में आकर छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. खैरजवां गांव की रहने वाली कोमल बरनी स्थित परीक्षा केंद्र समय पर नहीं पहुंच सकी थी, क्योंकि रास्ते में सड़क जाम था. देरी से पहुंचने के कारण परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने उसे प्रवेश देने से मना कर दिया.

घर लौटने के बाद दुखी छात्रा बिना बताए निकल गई और पटना-गया रेलखंड पर तरेगना स्टेशन और छोटकी मसौढ़ी हॉल्ट के बीच महाराजचक गांव के पास ट्रेन की चपेट में आ गई.

परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाई. सूचना मिलने पर मसौढ़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.