रणजी ट्रॉफी: मोहम्मद शमी का करियर बेस्ट, 90 रन देकर 8 विकेट लिए
रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में मोहम्मद शमी ने एक पारी में 8 विकेट लिए। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का बेस्ट प्रदर्शन भी है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 22.1 ओवर में 90 रन देकर 8 विकेट लिए। शमी के करियर बेस्ट की वजह से बंगाल ने पहली पारी में 26 रन की बढ़त ले ली है। वहीं, लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने डबल सेंचुरी लगाई। उन्होंने 29 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 232 रन बनाए। पडिक्क्ल की पारी से कर्नाटक तीसरे दिन मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक कुल 36 विकेट ले चुके हैं। इससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 16 विकेट लिए थे। विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 विकेट हासिल किए थे। शमी लगभग एक साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
