रेवाड़ी से राजस्थान जा रही ट्रेन के शीशे तोड़े… चढ़ने से रोकने पर यात्रियों ने किया बवाल

हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर राजस्थान के रींगस जाने वाले शकूरबस्ती फुलेरा ट्रेन में चढ़ने से रोकने पर खाटूश्याम जाने वाले यात्रियों ने जमकर हंगामा किया. यात्रियों ने प्लेटफार्म नंबर चार पर खड़ी ट्रेन की खिड़कियां और शीशे तोड़ डाले. सूचना के बाद जीआरपी टीम भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन भारी संख्या में मौजूद यात्री हुड़दंग करते रहे. पुलिस ने एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार नववर्ष के मौके पर बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे रींगस जाने के लिए रेलवे प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई. ट्रेन में पहले से बैठे यात्रियों ने ट्रेन के डिब्बे अंदर से बंद कर दिए, जिससे सैकड़ों यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ पा रहे थे. इसके बाद बाहर खड़े यात्रियों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया. प्लेटफार्म के दोनों तरफ यात्रियों ने ट्रेन की खिड़कियों के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए. इस दौरान कई यात्रियों को चोट भी लगी.

सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस कर्मचारियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन यात्रियों का हंगामा बढ़ता गया. उत्पात मचा रहे यात्रियों ने पुलिस जवानों के सामने भी ट्रेनों में जमकर नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने ट्रेन के अंदर से बंद डिब्बों को खुलवाकर यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाया. इसके बाद तब कहीं जाकर यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ. इसके करीब आधा घंटे के बाद ट्रेन को वहां से रवाना किया गया. जीआरपी थाने के कार्यवाहक प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है. अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.